मोनालीसा नाबालिग बहनों से कराती थी नशीली सिरप की सप्लाई: रीवा पुलिस ने किया गिरफ्तार
मध्यप्रदेश के रीवा जिले में मनगवां पुलिस ने नशीली सिरप की सप्लाई मामले में एक युवती को गिरफ्तार किया है, जिसका नाम मोनालीसा है। पुलिस के अनुसार, मोनालीसा अपने दो नाबालिग बहनों से नशीली सिरप की सप्लाई कराती थी। यह मामला तब सामने आया जब पुलिस को सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर वायरल हुए वीडियो के माध्यम से इस गतिविधि की जानकारी मिली।
मनगवां पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवती नशीली सिरप की तस्करी कर रही है, जिसके बाद उन्होंने उमेश साकेत के घर पर दबिश दी और मोनालीसा को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान मोनालीसा के पास से 82 शीशियां नशीली सिरप की बरामद हुईं। पुलिस ने मोनालीसा के साथ उसकी दो नाबालिग बहनों को भी हिरासत में लिया है।
पुलिस के मुताबिक, मोनालीसा पूर्व में गांजा तस्करी में भी गिरफ्तार हो चुकी है और जमानत मिलने के बाद उसने नशीली सिरप का कारोबार फिर से शुरू कर दिया था। वह इस पूरी आपराधिक गतिविधि को मोबाइल फोन के जरिए अंजाम देती थी। ऑर्डर मिलने पर, मोनालीसा अपनी बहनों से सिरप की डिलीवरी करवाती थी। वह इतनी शातिर थी कि हर 15 दिन में अपना ठिकाना बदल देती थी ताकि पुलिस से बच सके।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
